Brihaspati Ke Upay: गुरुवार को इन उपायों को करने से प्राप्त होगी श्रीहरि की कृपा, शुरू हो जाएंगे अच्छे दिन

Jun 04, 2025
Astro Panchang
गुरुवार का दिन जगत के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित माना जाता है। गुरुवार के दिन भक्त भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और व्रत रखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, गुरुवार का व्रत रखना शुभ फलदायी माना जाता है। वहीं लाल किताब में गुरुवार के कुछ उपाय बताए गए हैं। इन उपायों को करने से जातक की कुंडली में गुरु ग्रह मजबूत होता है और जीवन के दुखों से निजात मिलता है। लाल किताब में शुभ और अशुभ ग्रहों के आधार पर कई उपाय बताए गए हैं, जिनको आजमाने से जातक को भगवान श्रीहरि की कृपा प्राप्त होती है और जीवन से दुर्भाग्य दूर होता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको लाल किताब के कुछ ऐसे उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनको करने से कुंडली में बैठे गुरु ग्रह शुभ फल प्रदान करते हैं।
गुरु ग्रह कमजोर होने पर
अगर व्यक्ति की कुंडली में गुरु ग्रह मजबूत होता है, तो उसके जीवन में शुभता बनी रहती है। ऐसे जातक के अंदर गुणों का वास होता है और वैवाहिक जीवन भी खुशहाली से बीतता है। लेकिन अगर कुंडली में गुरु ग्रह की स्थिति मजबूत नहीं होती है, तो व्यक्ति को जीवन में तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं ऐसे जातक के विवाह में भी बाधाएं आ सकती हैं। कुंडली में कमजोर गुरु का अलग-अलग प्रभाव होता है। हालांकि यह इस बात पर निर्भर करना है कि बृहस्पति आपकी कुंडली के किस भाव में कमजोर है। जैसे कुंडली के छठे भाव में गुरु की अशुभता हो, तो जीवन में दरिद्रता और गरीबी का सामना करना पड़ता है। वहीं अष्टम भाव में गुरु ग्रह के कमजोर होने पर व्यक्ति को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
गुरुवार को करें ये उपाय
लाल किताब में गुरु ग्रह को शुभ करने के कई उपाय बताए गए हैं। इन उपायों को करने से जातक की कुंडली में गुरु ग्रह शुभ फल देता है। गुरुवार के दिन केसर का उपयोग करना शुभ माना जाता है। ऐसे में अगर गुरुवार के दिन आप किसी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं, तो माथे पर हल्दी और केसर का तिलक जरूर लगाएं। इस उपाय को करने से हर कार्य में सफलता मिलती है और दुखों से भी मुक्ति मिलती है। हर गुरुवार को यह उपाय करने से जीवन में पॉजिटिविटी आती है।