Famous Temple: बनखंडी में क्यों लोकप्रिय है Baglamukhi Temple, पूजा-अर्चना से मिलती है शत्रुओं पर विजय

Aug 26, 2026
Astro Panchang
बगलामुखी देवी का मंदिर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बनखंडी में स्थित है। इसको पीतांबरा देवी के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में देवी बगलामुखी का विशेष महत्व है और वह 10 महाविद्याओं में शामिल हैं। बगलामुखी को युद्ध की देवी भी कहा जाता है और तंत्र-साधना के लिए मां की पूजा होती है। धार्मिक मान्यता है कि जो भी जातक शत्रु और अज्ञात भय से परेशान होता है, वह मां बगलामुखी की पूजा करने से इन परेशानियों से मुक्त हो जाता है। वहीं जो व्यक्ति रोजाना बगलामुखी मां की चालीसा का पाठ करता है, वह अपने शत्रुओं पर विजय पाता है।
बगलामुखी मंदिर
यह मंदिर मां बगलामुखी को समर्पित है। मां बगलामुखी को 8वीं महाविद्या भी कहा जाता है। इनसे पीला रंग जुड़ा है, इसलिए इनका एक नाम पीतांबरा देवी भी है। धार्मिक मान्यता के मुताबित बगलामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना करने मात्र से शत्रुओं की शक्ति कम होती है और वह असहाय हो जाते हैं। इस मंदिर में की जाने वाली पूजा कानूनी मामलों में जीत दिलाने के लिहाज से बेहद शक्तिशाली मानी जाती है। अक्सर भक्त इस धाम में आकर पंडितों से घरेलू कलह, अदालती मामलों, जमीन-जायदाद की समस्याओं और ग्रहों को शांत करने के शांति यज्ञ या सुझाव आदि लेते हैं।
मंदिर की मान्यता काफी ज्यादा है। यहां पर बड़े-बड़े सेलिब्रिटी दर्शन के लिए आते हैं। यहां पर गोविंदा, शिल्पा शेट्टी, कंगना रनौत और एकता कपूर जैसे सितारे बगलामुखी माता के मंदिर में हवन और पूजा करते हुए दिखाई देते हैं। सेलिब्रिटीज के लिए यहां VIP दर्शन की विशेष व्यवस्था की जाती है।
गर्मियों की छुट्टियों में मां बगलामुखी मंदिर में हजारों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। खासकर पंजाब राज्य के श्रद्धालुओं में मां के प्रति गहरी आस्था है। भक्तों को मां बगलामुखी मंदिर में आकर एक अलग ही सुकून मिलता है। वहीं इस मंदिर में आम भक्तों से लेकर सेलिब्रिटी और नेता भी दर्शन करने आते हैं।