इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ व्रत, जानें शुभ मुहूर्त, महत्व और व्रत कथा

Oct 20, 2021
हिन्दू धर्म में करवा चौथ व्रत का विशेष महत्व है। सुहागिन स्त्रियों के लिए यह व्रत बहुत खास है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत रखा जाता है। इस साल करवा चौथ व्रत 24 अक्टूबर को रखा जाएगा। करवा चौथ के दिन स्त्रियां शिव, पार्वती, कार्तिकेय और गणेश के साथ चंद्रमा की पूजा करती हैं। इस दिन सुहागिन स्त्रियां अपने पति की लंबी आयु और सुखी जीवन के लिए व्रत रखती हैं। कुंवारी लड़कियां भी मनवांछित वर के लिए इस दिन व्रत रखती हैं। करवा चौथ के दिन महिलाऍं अपने पति के लिए सजती-संवरती हैं और सोलह श्रृंगार करती हैं। इस दिन निर्जला व्रत रखा जाता है यानी इस दिन महिलाएँ पानी भी ग्रहण नहीं करती हैं। इस दिन चंद्रोदय के बाद अपने पति के हाथ से जल ग्रहण करने के बाद ही महिलाऐं अपना व्रत खोलती हैं। करवाचौथ व्रत में चन्द्रमा को अर्घ्य देने और पूजन का विशेष महत्व है।
करवा चौथ व्रत का महत्व
करवा चौथ का व्रत सूर्योदय होने से पहले रखा जाता है और रात में चन्द्रमा के दर्शन करने और अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोला जाता है। शास्त्रों के अनुसार चंद्रमा को आयु, सुख और शांति का कारक माना जाता है। इसलिए चन्द्रमा को छलनी से देखने के बाद महिलाएं अपने पति को छलनी में दीपक रखकर देखती हैं और पति के हाथों जल पीकर उपवास खोलती हैं। मान्यताओं के अनुसार चंद्रमा की पूजा से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन सुखी रहता है।
करवा चौथ शुभ मुहूर्त
चतुर्थी तिथि प्रारम्भ: 24 अक्टूबर को प्रातः 3 बजकर 2 मिनट से
चतुर्थी तिथि समाप्त: 25 अक्टूबर सुबह 5 बजकर 43 मिनट तक