Famous Temple: भारत के इन प्रसिद्ध दुर्गा मंदिरों में करें दर्शन, नवरात्रि में महसूस करें असीम दैवीय शक्ति

Sep 17, 2025
Astro Panchang
भारत देश आस्था, दिव्यता और परंपरा की भूमि है। यहां पर मौजूद हर मंदिर की अपनी अनूठी कहानी है, जो न सिर्फ भक्तों को धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करती है। वहीं देश में नवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। देश में देवी दुर्गा के कई ऐसे मंदिर हैं, जहां पर हर नवरात्रि में लाखों की संख्या में भक्त आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं। कुछ मंदिर सदियों पुरानी गुफाओं में तो कुछ मंदिर पहाड़ियों की ऊंचाइयों पर स्थित हैं। ऐसे में इस नवरात्रि आप भी देवी दुर्गा के मंदिरों में दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको भारत के कुछ फेमस मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं।
वैष्णो देवी मंदिर
उत्तर भारत का सबसे फेमस तीर्थ स्थल वैष्णों देवी मंदिर त्रिकुटा पर्वत की गुफा में स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए भक्तों को करीब 12 किमी की चढ़ाई करनी होती है। गुफा के अंदर मां वैष्णों के तीन पिंडी के रूप में दर्शन होते हैं। यहां का वातावरण 'जय माता दी' के नारों से गूंजता है।
कामाख्या मंदिर
असम के गुवाहाटी में स्थित कामाख्या मंदिर शक्तिपीठ है। जोकि मां दुर्गा के कामाख्या को समर्पित है। यह मंदिर स्त्री ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है और हर साल यहां पर अम्बुबाची मेला का विशेष रूप से आयोजन होता है। इस मंदिर की वास्तुकला और इसकी आध्यात्मिक महिमा इसको मां दुर्गा के उपासकों के लिए प्रमुख केंद्र बनाती है।
ज्वाला देवी मंदिर
हिमाचल के कांगड़ा जिले में स्थित ज्वाला देवी मंदिर में देवी की कोई मूर्ति नहीं बल्कि एक चमत्कारी अग्नि प्रज्वलित रहती है। इस ज्वाला को दिव्य ज्वाला माना जाता है। ज्वाला देवी मंदिर भारत के सबसे रहस्यमय मंदिरों में से एक है। बताया जाता है कि यहां पर प्राचीन काल से अग्नि ज्योतियां प्रज्वलित रहती हैं। इसको देवी का प्रत्यक्ष स्वरूप माना जाता है।