Hinglaj Temple: बलूचिस्तान में है सबसे प्राचीन हिंगलाज मंदिर, 51 पवित्र शक्तिपीठों में है शामिल

Jun 10, 2025
Astro Panchang
भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच बलूचिस्तान की आजादी को लेकर मांग काफी तेज हो गई है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सनातन धर्म से जुड़ा हिंगलाज मंदिर है। जो काफी समय से महत्वपूर्ण तीर्थ स्थान बना हुआ है। इस मंदिर में सबसे ज्यादा बलूचिस्तान के हिंदू आते हैं। बता दें कि हिंगलाज मंदिर 51 पवित्र शक्तिपीठों में से एक है। बलूचिस्तान में स्थित हिंगलाज मंदिर हिंदू धर्म के लिए सबसे पवित्र स्थल है। इस मंदिर में जो भी आकर पूजा करता है, उसके सभी पाप धुल जाते हैं। इस मंदिर को हिंगलाज मंदिर, हिंगुला देवी और नानी मंदिर के नाम से जाना जाता है। तो आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको इस फेमस मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं।
मंदिर की खासियत
हिंगलाज मंदिर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थित हिंगोल नेशनल पार्क में है। यह मंदिर पाकिस्तान में मौजूद तीन शक्तिपीठों में से एक है। बाकी के दो शक्तिपीठ शिवाहरकराय और शारदा पीठ हैं। हर साल वसंत ऋतु में यहां पाकिस्तान का एक बड़ा हिंदू त्योहार मनाया जाता है। जिसको हिंगलाज यात्रा कहा जाता है। इस यात्रा में करीब 1 लाख से ज्यादा भक्त शामिल होते हैं। इस यात्रा में भक्त सैकड़ों सीढ़ियां चढ़कर प्राचीन मंदिर तक पहुंचते हैं। जोकि हिंगोल नदी के किनारे बसा है। मंदिर पहुंच कर भक्त नारियल और गुलाब की पंखुड़ियां चढ़ाते हैं। इस दौरान श्रद्धालु हिंगलाज माता के दर्शन कर पाते हैं।
मंदिर का इतिहास
शिव पुराण के मुताबिक प्रजापति दक्ष अपनी बेटी सती के लिए एक अच्छा वर ढूंढ रहे थे। लेकिन सती ने अपने पिता दक्ष की इच्छा के खिलाफ जाकर भगवान शिव को अपने पति के रूप में चुन लिया। जिस कारण प्रजापति दक्ष बहुत नाराज हुए। बाद में उन्होंने एक बड़ा यज्ञ करवाया, जिसमें सभी देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया, लेकिन भगवान शिव को आमंत्रित नहीं किया गया।