Karwa Chauth 2025: करवा चौथ व्रत के महत्वपूर्ण नियम, जिनका पालन ही दिलाएगा पति की लंबी उम्र का फल

Oct 06, 2025
Astro Panchang
करवाचौथ का पर्व हर विवाहित महिला के लिए काफी खास होता है। इसदिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए पूरा दिन निर्जला व्रत करता हैं। वहीं शाम को चंद्रमा निकलने पर विधिविधान से पूजा-अर्चना करती हैं। करवा चौथ का व्रत न सिर्फ एक धार्मिक परंपरा है बल्कि पति-पत्नी के अटूट प्रेम और समर्पण का भी प्रतीक माना जाता है। हालांकि करवा चौथ व्रत को लेकर कुछ नियम बनाए गए हैं, ऐसे में इन नियमों का पालन करना बेहद जरूरी होता है। इसलिए आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको करवा चौथ से जुड़ी कुछ प्रमुख बातों के बारे में बताने जा रहे हैं।
करवाचौथ के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां
नहीं करना चाहिए अनाज का सेवन
बता दें कि करवा चौथ का व्रत सूर्योदय से पहले खाई जाने वाली सरगी के बाद शुरू होता है। फिर चांद निकलने के बाद व्रत खोला जाता है। इस दौरान पानी भी नहीं पिया जाता है। वहीं अगर कोई महिला गलती से इस दिन व्रत में भोजन या पानी का सेवन कर लेती है, तो उसका व्रत खंडित हो जाता है।
चंद्रमा के निकलने से पहले व्रत खोलना
करवा चौथ पर चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोला जाता है। लेकिन अगर आप किसी कारणवश चंद्रमा निकलने से पहले व्रत खोल लेती हैं, तो व्रत का फल नहीं मिलता है। इसलिए चंद्र दर्शन के बाद ही व्रत खोलना चाहिए।
भूलकर भी न करें ये काम
इस दिन कैंची, सुई और चाकू जैसी धारदार वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से व्रत का फल कम हो जाता है। साथ ही यह अशुभ भी माना जाता है। इसलिए करवाचौथ के दिन कढ़ाई-सिलाई जैसे कामों को करने से बचना चाहिए।