Chaitra Navratri 2025: इस दिन से हो रही चैत्र नवरात्रि के महापर्व की शुरूआत, जानिए देवी पूजन का महत्व और तिथियां

Mar 29, 2025
Astro Panchang
सनातन धर्म में नवरात्रि का पर्व बहुत ही विशेष माना जाता है। नवरात्रि के 9 दिनों में मां दुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्रि के हर एक दिन का अपना एक अलग महत्व होता है। साल में 4 बार नवरात्रि आती है। जिसमें शारदीय नवरात्रि, चैत्र नवरात्रि और दो गुप्त नवरात्रि होती हैं। इनमें से सबसे अधिक महत्व शारदीय और चैत्र नवरात्रि का होता है। तो वहीं गुप्त नवरात्रि तंत्र-मंत्र और साधक के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। होली के बाद चैत्र नवरात्रि आती है। इस बार 30 मार्च 2025 से चैत्र नवरात्रि के महापर्व की शुरूआत हो रही है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि चैत्र नवरात्रि की शुरूआत कब से हो रही है और किस दिन मां दुर्गा के किस स्वरूप की पूजा की जाएगी।
चैत्र नवरात्रि 2025
बता दें कि इस बार 30 मार्च 2025 से चैत्र नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। वहीं 30 मार्च को प्रतिपदा तिथि दोपहर 12:49 मिनट तक रहेगी। इस बार नवरात्रि 30 मार्च से शुरू होकर 06 अप्रैल तक चलेंगे। 06 अप्रैल यानी की नवमी तिथि को भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
घटस्थापना या कलश स्थापना मुहूर्त
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना की जाती है। वैदिक पंचांग के अनुसार, चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरूआत 29 मार्च की शाम 04:27 मिनट पर होगी। वहीं अगले दिन यानी की 30 मार्च की दोपहर 12:49 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। ऐसे में नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 06:34 मिनट से सुबह 07:23 मिनट तक रहेगा। घटस्थापना के लिए अभिजीत मुहूर्त शुभ माना जाता है। इसलिए इस दिन 12:18 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त शुरू होगा और दोपहर 01:08 मिनट तक रहेगा।