Varalaxmi Vratham 2023: वरलक्ष्मी व्रत पर ऐसे करें मां लक्ष्मी की पूजा, घर में सुख-समृद्धि का होगा वास

Aug 25, 2023
Astro Panchang
सावन के आखिरी शुक्रवार को वरलक्ष्मी व्रत रखा जाता है। इस साल यह व्रत आज यानी की 25 अगस्त 2023 को किया जा रहा है। वैसे तो हर शुक्रवार मां लक्ष्मी को समर्पित होता है। लेकिन सावन के शुक्रवार का अपना विशेष महत्व होता है। सावन के आखिरी शुक्रवार को वरलक्ष्मी का व्रत किया जाता है। बता दें कि सावन के आखिरी शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना जरूर करनी चाहिए। वहीं इस दिन व्रत रखने वाले व्यक्तियों पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बरसती है। उनके जीवन में कभी भी धन-धान्य की कमी नहीं होती है। आइए जानते हैं वरलक्ष्मी व्रत का महत्व, पूजन विधि और शुभ मुहूर्त के बारे में...
वरलक्ष्मी व्रत का महत्व
वरलक्ष्मी व्रत सभी मनोकामनाओं को पूरा करने वाला माना गया है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, वरलक्ष्मी मां भगवान श्रीहरि विष्णु की पत्नी हैं। वरलक्ष्मी को महालक्ष्मी का अवतार माना जाता है। ऐसे में सावन के आखिरी शुक्रवार को मां वरलक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती है। यह व्रत विवाहित महिलाओं के लिए बहुत खास होता है। इस व्रत को करने से घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है और परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम बना रहता है। इस व्रत को करने से संतान का सुख भी प्राप्त होता है।
पूजा का शुभ मुहूर्त
आज 25 अगस्त यानी कि सावन के आखिरी शुक्रवार को वरलक्ष्मी का व्रत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उड़ीसा के लोग भी इस व्रत को करते हैं। बता दें कि आज सिंह लग्न की पूजा सुबह 05:55 मिनट से सुबह 07:42 मिनट तक होगी। वहीं दोपहर 12:17 मिनट से 02:36 मिनट तक वृश्चिक लग्न की पूजा होगी। कुंभ लग्न की पूजा शाम को 06:22 मिनट से लेकर रात को 07:50 मिनट तक होगी। साथ ही रात को 10:50 मिनट से 12:45 मिनट तक वृषभ लग्न की पूजा की जाती है।