Kamika Ekadashi 2024: 31 जुलाई को किया जा रहा है कामिका एकादशी का व्रत, जानिए महत्व

Jul 31, 2024
Astro Panchang
भगवान शिव के प्रिय महीने सावन के कृष्ण पक्ष की एकादशी को कामिका एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक शास्त्रों में कामिका एकादशी का बहुत महत्व होता है। अन्य एकादशी तिथि की तरह कामिका एकादशी भी जगत के पालनहार श्रीहरि विष्णु को समर्पित है। इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इस साल कामिका एकादशी का व्रत 31 जुलाई को किया जा रहा है। इस व्रत को करने वाले जातक के पापों का नाश हो जाता है। इस व्रत का प्रभाव व्यक्ति के मन और शरीर पर पड़ता है। तो आइए जानते हैं, कामिका एकादशी की पूजन विधि, मुहूर्त और महत्व के बारे में...
शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के मुताबिक सावन माह में भगवान विष्णु की पूजा करना अत्यंत फलदाई माना जाता है। 30 जुलाई 2024 को शाम 04:44 मिनट पर सावन महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि शुरू होगी। वहीं 31 जुलाई 2024 को दोपहर 03:55 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। उदयातिथि के अनुसार, 31 जुलाई 2024 को कामिका एकादशी का व्रत किया जा रहा है।
महत्व
पद्म पुराण के अनुसार, जो भी जातक सावन महीने में भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-अर्चना करता है, तो उसके द्वारा नागों और गंधर्वों सहित सभी देवताओं की पूजा भी हो जाती है। कामिका एकादशी का व्रत करने से महान पुण्यफल प्राप्त होता है। जो भी जातक पूरी श्रद्धा के साथ इसकी महिमा का श्रवण करता है, वह सभी पापों से मुक्त होकर श्रीविष्णु लोक में जाता है। इस दिन तुलसी के प्रयोग से व्रत का महत्व बढ़ जाता है। इस दिन दान-पुण्य का भी विशेष महत्व होता है। कामिका एकादशी के व्रत के प्रभाव से मन, वचन और कर्मों की शुद्धि होती है।