Falgun Purnima 2025: 14 मार्च को किया जा रहा फाल्गुन पूर्णिमा का व्रत, जानिए महत्व और मुहूर्त

Mar 14, 2025
Astro Panchang
हिंदू धर्म में फाल्गुन पूर्णिमा के व्रत का विशेष महत्व है। इस दिन होली का त्योहार मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और विधिपूर्वक पूजा-पाठ करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इससे जातक के जीवन में सुख-समृद्धि आती है। वहीं फाल्गुन पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, हवन और दान करने से पापों का नाश होता है। इस दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। वहीं होलिका दहन में अग्नि की परिक्रमा कर भगवान से सभी कष्टों को दूर करने की प्रार्थना की जाती है। बता दें कि इस बार 14 मार्च 2025 को फाल्गुन पूर्णिमा का व्रत किया जा रहा है। तो आइए जानते हैं फाल्गुन पूर्णिमा की पूजा विधि, मुहूर्त और महत्व के बारे में...
फाल्गुन पूर्णिमा
हिंदू पंचांग के मुताबिक फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि की शुरूआत 13 मार्च 2025 की सुबह 10:35 मिनट से हो गई है। वहीं आज यानी की 14 मार्च 2025 की दोपहर 12:23 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। ऐसे में उदयातिथि के हिसाब से 14 मार्च 2025 को फाल्गुन पूर्णिमा का व्रत किया जाएगा।
फाल्गुन पूर्णिमा की पूजा विधि
इस दिन सुबह जल्दी स्नान आदि कर स्वच्छ वस्त्र पहनें। फिर पूजा का संकल्प लें और घर के मंदिर को साफ करें। इसके बाद भगवान श्रीहरि विष्णु और चंद्रदेव की फोटो स्थापित करें। फिर धूप, पुष्प, दीप, चंदन, अक्षत, फल, मिठाई आदि अर्पित करें। इसके बाद 'ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। फिर चंद्रदेव को जल अर्पित करें और मानसिक शांति के लिए प्रार्थना करें। साथ ही संध्याकाल में होलिका दहन वाले स्थान पर जाएं।