Akshaya Navami 2026: Akshay Navami पर आंवले के पेड़ की पूजा और दान से मिलेगा अक्षय पुण्य

Akshaya Navami 2026: Akshay Navami पर आंवले के पेड़ की पूजा और दान से मिलेगा अक्षय पुण्य

आज यानी की 18 नवंबर 2026 को अक्षय नवमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने और इस पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करन की परंपरा होती है। इस दिन आंवले के पेड़ और भगवान विष्णु की पूजा का विधान होता है। धार्मिक मान्यता है कि अक्षय नवमी पर आंवले के पेड़ की पूजा करने से जगत के पालनहार भगवान श्रीविष्णु की कृपा प्राप्त होती है। इससे घर-परिवार में सुख-समृद्धि और सौभाग्य बना रहता है और अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं अक्षय नवमी की तिथि, मुहूर्त, पूजन विधि और महत्व आदि के बारे में...

तिथि और मुहूर्त

वैदिक पंचांग के मुताबिक कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि की शुरूआत 18 नवंबर की सुबह 06:06 मिनट से हो चुकी है। वहीं अगले दिन यानी की 19 नवंबर की सुबह 07:07 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। ऐसे में उदयातिथि के आधार पर 18 नवंबर को अक्षय नवमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 06:46 से दोपहर 12:06 बजे तक है।

पूजन विधि

इस दिन सुबह स्नान आदि करने के बाद साफ कपड़े पहनें और फिर पूजा स्थल की साफ-सफाई करें। अब भगवान विष्णु की प्रतिमा के सामने घी का दीपक जलाएं और आंवले का फल अर्पित करें। फिर फूल, अक्षत, धूप, दीप और नैवेद्य आदि अर्पित करें। इसके बाद भगवान विष्णु की आरती करें और पूजा में हुई भूलचूक के लिए क्षमायाचना करें।

आंवले के पेड़ की पूजा

कार्तिक शुक्ल नवमी से कार्तिक पूर्णिमा तक आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए इस दौरान आंवले के पेड़ की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन लोग आंवले के पेड़ की पूजा करते हैं और उसके नीचे बैठकर भोजन करते हैं। ऐसा करने से जातक को भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। अक्षय नवमी पर बिना मुहूर्त देखे भी शुभ कार्यों की शुरूआत करना फलदायी होता है। वहीं संतान सुख की कामना करने वाले दंपतियों के लिए अक्षय नवमी की पूजा और व्रत का विशेष महत्व होता है।

महत्व

अक्षय नवमी के दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने, भगवान श्रीहरि विष्णु का स्मरण और पूजन करने और जरूरतमंदों को दान देने का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता है कि क्षय नवमी को पूजा-पाठ, धार्मिक कार्यों और दान का अक्षय फल प्राप्त होता है।

शेयर करें: