वास्तुशास्त्र के अनुसार यदि घर सही दिशा में न बना हो या घर में कोई टूटा फूटा सामान हो तो इससे घर में नकारात्मकता का वास होता है। घर में वास्तु दोष होने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा के कारण लड़ाई झगड़े बढ़ते हैं। यदि घर में बिना किसी वजह घर के सदस्यों के बीच कलह हो या लड़ाई-झगड़े ज्यादा होते हों तो यह घर में मौजूद नकारत्मक ऊर्जा के कारण हो सकता है। वास्तुशास्त्र में घर के झगड़ों को समाप्त करने के कई उपाय बताए गए हैं। आज के इस लेख में हम आपको घर में लड़ाई-झगड़ों से छुटकारा पाने के लिए कुछ आसान वास्तु उपाय बताने जा रहे हैं -
- वास्तुशास्त्र के अनुसार यदि घर में लड़ाई झगड़े ज्यादा होते हैं तो घर की दीवारों और कोनों में सप्ताह में एक बार गंगाजल में कपूर मिलाकर छिड़काव करें। इस मिश्रण के छिड़काव से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा बाहर निकल जाती है। ऐसा करने से घर में लड़ाई झगड़े कम होते हैं और खुशहाली आती है।
- वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में सुबह शाम अग्निहोत्र करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। प्रतिदिन घर में गोबर के कंडे को जलाकर उसका धुआं पूरे घर में फैला दें। इसके अलावा हफ्ते में कम से कम एक बार लोबान को जलाकर उसका धुआं पूरे घर में फैलाएं और घर के खिड़की दरवाजे खोल दें। वास्तुशास्त्र के अनुसार इस उपाय को हर रोज़ एक ही समय पर करना चाहिए।
- यदि आपके घर में अंदर जाने के लिए दो दरवाजे हैं तो हमेशा घर के मुख्य दरवाजे का ही इस्तेमाल करें। वास्तुशास्त्र के अनुसार घर के अंदर जाने के लिए कभी भी पिछले दरवाजे का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। पिछले दरवाजे से घर में अंदर जाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा का भी प्रवेश होता है और लड़ाई झगड़े बढ़ते हैं।
- घर में लड़ाई झगड़े कम करने के लिए रोज सूरज ढलने के बाद घर में दीपक प्रज्वलित करें। इसके साथ ही रोज घर के सभी लोगों को मिलकर पूजा और आरती करनी चाहिए। ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और घर में सकारात्मकता आती है।
- वास्तुशास्त्र के अनुसार घर के मुख्य द्वार पर सूर्य की प्रतिमा स्थापित करना बहुत शुभ माना जाता है। घर के मुख्य द्वार के मध्य में चौखट के ऊपर बनी दीवार पर एक पीतल का बना सूर्य स्थापित करें। ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और घर में सकारात्मकता आती है जिससे लड़ाई झगड़े खत्म होते हैं।