होम
कुंडली
टैरो
अंक ज्योतिष
पंचांग
धर्म
वास्तु
हस्तरेखा
राशिफल
वीडियो
हिन्दी न्यूज़
CLOSE

Tulsi Vivah के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य, शाम 07:49 बजे तक रहेगा शुभ मुहूर्त

By Astro panchang | Nov 21, 2026

आज देश भर में तुलसी विवाह का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह को शुभ और मंगलकारी पर्व माना जाता है। हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में देवी तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से देवी तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से घर और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। इस बार आज यानी की 21 नवंबर को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जा रहा है। तो आइए जानते हैं तुलसी विवाह की तिथि, मुहूर्त, पूजन विधि और महत्व आदि के बारे में...

तिथि और शुभ मुहूर्त

वैदिक पंचांग के मुताबिक कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि की शुरूआत 21 नवंबर की सुबह 06:31 मिनट से हो रही है। वहीं अगले दिन यानी की 22 नवंबर 2026 की सुबह 04:56 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। ऐसे में उदयातिथि के आधार पर 21 नवंबर 2026 को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जा रहा है। वहीं इस दिन पूजा का शुरू मुहूर्त शाम 05:25 मिनट से लेकर शाम 07:49 मिनट तक है।

तुलसी और शालिग्राम का विवाह

इस दिन सुबह जल्दी स्नान आदि करने के बाद सू्र्य देव को अर्घ्य दें और फिर तुलसी के पौधे के आसपास की जगह को साफ करें। अब रंगोली बनाएं और गन्ने से छोटा मंडप बनाकर तैयार करें और तुलसी के गमले को सजाएं। देवी तुलसी को लाल चुनरी और फूलों से सजाएं और फिर भगवान शालिग्राम को पास में स्थापित करें। अब देवी तुलसी और शालिग्राम को रोली, चंदन और हल्दी अर्पित करें।

फिर दीपक जलाकर भगवान शालिग्राम और देवी तुलसी की विधिविधान से पूजा करें। वहीं विवाह के मंत्रों का उच्चारण करते हुए तुलसी और शालिग्राम की परिक्रमा कराएं। पूजा के अंत में आरती करें और फल व मिठाई का भोग लगाएं और पूजा में हुई भूलचूक के लिए क्षमायाचना करें।

धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक देवी तुलसी का विवाह कराने से व्यक्ति को भगवान श्रीहरि विष्णु और मां तुलसी की कृपा प्राप्त होती है। यह पर्व वैवाहिक जीवन में विश्वास, प्रेम और सुख-शांति व सौभाग्य की कामना से जुड़ा है। तुलसी विवाह के साथ ही कई स्थानों पर मांगलिक विवाह समारोहों की शुरूआत मानी जाती है।

Copyright © 2026
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.