By Astro panchang | Nov 23, 2026
काशी की धरती को बेहद पावन माना जाता है। वहीं इसको भगवान शिव की नगरी भी कहा जाता है। काशी की धरती पर मणिकर्णिका स्नान का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को यहां पर स्नान-दान करने से जातक को जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति मिलती है। इस दिन जगत के पालनहार श्रीहरि विष्णु और भगवान शिव की पूजा भी की जाती है। इस बार आज यानी की 23 नवंबर 2026 को मणिकर्णिका स्नान किया जा रहा है।
वैदिक पंचांग के मुताबिक मणिकर्णिका स्नान का शुभ समय सुबह 04:27 मिनट से लेकर 06:13 मिनट तक है। वहीं 23 नवंबर की सुबह 02:36 मिनट पर कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरूआत हो रही है। वहीं 23 नवंबर की रात 11:42 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। बता दें कि यह स्नान सूर्योदय से पहले करना विशेष फलदायी माना जाता है।
धार्मिक मान्यता के मुताबिक इस दिन मणिकर्णिका घाट पर स्नान करने से जातक के पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। स्कंद पुराण के काशी खंड में भी मणिकर्णिका तीर्थ की महिमा का वर्णन मिलता है।
पौराणिक कथा के मुताबिक कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु वैकुंठ से काशी आए थे। इस दौरान उन्होंने मणिकर्णिका घाट पर स्नान किया और एक हजार कमल के फूलों से महादेव के विश्वेश्वर स्वरूप की पूजा की थी। तभी से इस दिन मणिकर्णिका स्नान की परंपरा मानी जाती है।
इस दिन सुबह जल्दी उठकर महादेव और मां गंगा का ध्यान करें। फिर मणिकर्णिका घाट पहुंचकर स्नान का संकल्प लें और फिर स्नान आदि के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें। इसके बाद महादेव और भगवान विष्णु की पूजा करें और अपनी क्षमता के मुताबिक गरीबों और जरूरतमंदों को वस्त्र, अन्न और धन आदि का दान करें। धार्मिक मान्यता है कि मणिकर्णिका स्नान के लिए श्रद्धा से स्नान, पूजा और दान करने से विशेष पुण्य मिलता है।